Search

April 16, 2026 4:13 pm

डायन बताकर मारपीट और बंधक बनाने का मामला, पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार।

अमर भगत

पाकुड:अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के गाव गोगाजोर गांव में डायन का आरोप लगाते हुए एक परिवार के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट और बंधक बनाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना 15 दिसंबर 2024 की सुबह की बताई जा रही है। पीड़ित ठाकुर मोहली (50 वर्ष) पिता स्व. चुण्डा मोहली ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह पूजा-पाठ करने गए थे। पूजा समाप्त कर लौटने के दौरान गांव के सिपूजन सोरेन, देवीलाल सोरेन और ऐलेम सोरेन ने उन्हें पकड़कर लाठी-डंडों से मारना शुरू कर दिया और उन्हें बिजली के खंभे से रस्सी से बांध दिया। मारपीट के दौरान उन्हें अधमरा कर दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के घर पर हमला किया और बरसन सोरेन, उनकी पत्नी और बेटी प्रमिला सोरेन को घर से खींचकर लात-घूंसों और डंडों से पीटा। पीड़ितों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्हें गांव के बड़े इमली पेड़ के पास ले जाकर पंचायत बुलाई गई। पंचायत में ग्रामीणों ने ठाकुर मोहली पर 2 लाख रुपये और बरसन सोरेन पर ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया। ग्रामीणों ने परिवार को डायन करार देते हुए अपमानित किया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों का कहना है कि वे इस घटना से भयभीत हैं और उन्हें अपनी जान का खतरा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने डायन प्रताड़ना उन्मूलन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों के बीच आक्रोश है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!