पाकुड़। हिरणपुर प्रखंड की मोहनपुर पंचायत के वार्ड नंबर 9 सहित कई इलाकों में लगातार हो रही अनियमित बिजली आपूर्ति से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और कार्यपालक अभियंता को ज्ञापन सौंपा। उप प्रमुख अब्दुल गनी के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने विभाग से क्षेत्र में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से बिजली की स्थिति बेहद खराब है, जिससे दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है। लगातार बिजली कटौती के कारण न तो दिन में चैन मिल रहा है और न ही रात में आराम। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नींद पूरी न होने और उमस भरी गर्मी के कारण अब लोग बीमार पड़ने लगे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली संकट के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को जब ग्रामीण बड़ी संख्या में विद्युत कार्यालय पहुंचे, उस समय कार्यपालक अभियंता कार्यालय में मौजूद नहीं थे। ग्रामीणों ने फोन पर उनसे बातचीत की, लेकिन वार्ता के बाद भी समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। इससे ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया। उप प्रमुख अब्दुल गनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मोहनपुर पंचायत में बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया, तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन में समसुद्दीन अंसारी, जमीर अंसारी, सद्दाम हुसैन, फूलमन, मकसूद अंसारी, जर्जिस आलम, खुर्शीद अंसारी, मुखिया बगान मुर्मू, राजेश महतो, पवन कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।






