पाकुड़: बैंक कॉलोनी में चोरों ने एक ऐसे घर को निशाना बनाया जहाँ अभी सात फेरों की गूंज और शादी की खुशियां ताज़ा थीं। घर मालिक सुभेन चंद्र शाहा की बेटी की शादी महज एक हफ्ते पहले हुई थी। पूरा परिवार बेटी की विदाई के बाद राहत की सांस ले ही रहा था कि शनिवार की काली रात ने उनकी मेहनत और अरमानों पर पानी फेर दिया।
अलमारी में रखे थे अरमान, चोरों ने खाली कर दिया घर
चोरों को शायद इस बात की भनक थी कि घर में शादी का कीमती सामान मौजूद है। घर के मालिक ने बताया कि एक हफ्ते पहले हुई बेटी की शादी के लिए खरीदे गए।महंगे नए कपड़े, जेवरात के खाली डिब्बे और उपहार में मिला सारा सामान चोरों ने अलमारी तोड़कर पार कर दिया।
सूने घर का फायदा उठाकर दिया अंजाम
पीड़ित परिवार के मुताबिक घर की रखवाली कर रहा भतीजा परीक्षा देने बोकारो गया था। चोरों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाया।बेटी की शादी से जुड़े कीमती वस्त्र और अन्य जरूरी सामान, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी जा रही है, गायब मिले।घर निर्माणाधीन था, इसलिए चोरों ने वहां रखी मिस्त्री की मशीनें और गैरेज में खड़े टेंपो की बैटरी भी चुरा ली।घर के मालिक सुभेन शाह ने दुख जताते हुए कहा कि घर में अभी भी शादी की चहल-पहल महसूस हो रही थी, लेकिन चोरों ने सब कुछ बिखेर दिया। रविवार सुबह जब भतीजा परीक्षा देकर लौटा, तब इस बड़ी वारदात का खुलासा हुआ।एएसआई अरुण ठाकुर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया, पुलिस ने घटनास्थल की गहनता से जांच की है। शादी के कपड़े और अन्य सामानों की चोरी की पुष्टि हुई है। थाना में आवेदन दिया जा रहा है, पुलिस जल्द ही अपराधियों तक पहुंचेगी।








