इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़): महेशपुर-पाकुड़िया मुख्य सड़क पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्चे सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीलमपुर गांव स्थित एफसीआई चावल गोदाम के पास दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। घायलों की पहचान बासीतपुर निवासी 27 वर्षीय ज्योतिन हेम्ब्रम, सिंदरी निवासी 45 वर्षीय लिली मरांडी, मुर्गाडंगा (हिरणपुर तोड़ाई) निवासी 25 वर्षीय छोटू राय और उसके तीन वर्षीय बेटे दीपक राय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, ज्योतिन हेम्ब्रम अपनी सास लिली मरांडी को बाइक से बासीतपुर ले जा रहा था। वहीं, दूसरी ओर से छोटू राय अपने बेटे दीपक को लेकर ससुराल आढ़ोल गांव जा रहा था। इसी दौरान सीलमपुर के पास दोनों बाइक की सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले घायल मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महेशपुर पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अन्य घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार किस्कु ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। ज्योतिन हेम्ब्रम और छोटू राय की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि मासूम दीपक राय का बायां हाथ टूट गया है और उसके चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। जरूरी कानूनी कार्रवाई हेतु पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है।








