Search

July 6, 2026 9:22 pm

दो दिवसीय लर्नर लाइसेंस शिविर शुरू, पहले ही दिन 55 आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन।

पाकुड़। जिले में वैध ड्राइविंग लाइसेंस के प्रति लोगों को जागरूक करने और लाइसेंस निर्माण प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में जिला परिवहन कार्यालय ने पहल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त मेघा भारद्वाज के मार्गदर्शन में सोमवार से हिरणपुर अंचल में दो दिवसीय नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्नर लाइसेंस) शिविर की शुरुआत हुई।
शिविर के पहले दिन कुल 55 लोगों ने लर्नर लाइसेंस के लिए आवेदन किया। जिला परिवहन कार्यालय ने सभी आवेदनों का उसी दिन शत-प्रतिशत निष्पादन करते हुए सभी 55 आवेदकों को लर्नर लाइसेंस उपलब्ध कराया। जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, अंचल अधिकारी मनोज कुमार तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी टुडू दिलीप ने संयुक्त रूप से लाभुकों को लाइसेंस वितरित किया। शिविर के दौरान वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही हिट एंड रन दुर्घटना मुआवजा योजना, गुड सेमेरिटन (सड़क दुर्घटना में मदद करने वालों के लिए प्रोत्साहन), राहवीर योजना, कैशलेस उपचार व्यवस्था तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने शिविर में पहुंचे लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों को भी इस अभियान की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक लर्नर एवं ड्राइविंग लाइसेंस बनवा सकें। उन्होंने कहा कि जिला परिवहन कार्यालय आम लोगों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित कर रहा है। कार्यक्रम में जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, वरीय प्रधान लिपिक मो. बैरियर हेंब्रम, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य तथा जिला परिवहन कार्यालय के सभी कर्मी मौजूद रहे।

img 20260706 wa00266464149008354884418
img 20260706 wa0025340783205132615155
img 20260706 wa00247855313536919196521
img 20260706 wa00274511634570666423123

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!