प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से भगाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान जीतपुर गांव निवासी मीनू देवी (पति दशरथ तुरी) और फरीदा खातून (पति विष्णु तुरी) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना कांड संख्या 22/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनुसंधान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों महिलाओं ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने में मुख्य आरोपी की मदद की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान मिले साक्ष्य और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता या सहयोग सामने आने पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






