Search

May 20, 2026 10:37 pm

आदि कर्मयोगी अभियान, “सबसे दूर, सबसे पहले” के तहत तीसरे दिन भी गांव-गांव पहुंचा प्रशासन, समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान।

इकबाल हुसैन

महेशपुर (पाकुड़): आदि कर्मयोगी अभियान के तहत चलाए जा रहे जनभागीदारी कार्यक्रम “सबसे दूर, सबसे पहले” का तीसरा दिन महेशपुर, पथरिया और दराजपुर पंचायतों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान का उद्देश्य सुदूर और अंतिम छोर पर बसे ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की सीधी और प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों की टीम ने तीनों पंचायतों के दूरस्थ गांवों का डोर-टू-डोर भ्रमण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया। लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया। अभियान के तहत टीम ने गांवों में ट्रांजेक्ट वॉक कर आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान पेयजल, सड़क, बिजली और राशन जैसी मूलभूत समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, वृद्धा एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना तथा मनरेगा जैसी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कई पात्र लाभुकों के आवेदन भी मौके पर ही भरे गए, जिससे उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया तेज की गई।अधिकारियों ने कहा कि “सबसे दूर, सबसे पहले” की भावना के साथ यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। आने वाले दिनों में भी इसी तरह गांव-गांव पहुंचकर जागरूकता और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!