पाकुड़िया प्रखंड के दुर्गापुर गांव में गुरुवार को लोक कल्याण सेवा केंद्र पाकुड़िया एवं विश्व युवक केंद्र फंसा के संयुक्त तत्वावधान में विश्व महावारी स्वच्छता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खजुरडंगाल पंचायत की 500 से अधिक महिलाओं, पुरुषों और किशोरियों ने भाग लेकर महावारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मासिक धर्म को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना, स्वच्छता के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा किशोरियों को स्वस्थ, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान मासिक धर्म स्वच्छता, स्वच्छ पानी के उपयोग, शौचालय की आवश्यकता और संतुलित पोषण पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को सेनेटरी पैड के सही इस्तेमाल और उसके सुरक्षित निपटान की जानकारी भी दी गई।
महावारी स्वच्छता अभियान के तहत गांव में जागरूकता रैली, गोष्ठी और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे गांव को लाल गुब्बारों और लाल रिबन से सजाकर लोगों का ध्यान महावारी स्वच्छता की ओर आकर्षित किया गया। गांव के प्रमुख स्थानों, पेड़ों और मुख्य द्वारों पर लाल गुब्बारे लगाकर जागरूकता का संदेश दिया गया।
आयोजकों ने बताया कि आने वाले दिनों में नुक्कड़ नाटक, कला प्रदर्शन, रंगमंच और सामुदायिक संवाद के माध्यम से भी लोगों को महावारी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं व किशोरियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में उज्जैनी निकिता कुमारी, जीवन दत्ता, सुनीता टुडू, असीष, ओलिंदो सोरेन, गिनी हांसदा सहित कई लोगों की सक्रिय भूमिका रही।








