Search

July 11, 2026 8:49 pm

एसआईआर अभियान में उपासना मरांडी ने भरा प्रपत्र, मतदाताओं से समय पर सत्यापन कराने की अपील

बोलीं- शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार, पात्र मतदाता अभियान में जरूर लें हिस्सा

इकबाल हुसैन

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत झामुमो की केंद्रीय कमेटी सदस्या एवं युवा नेत्री उपासना मरांडी ने शनिवार को अपने पाकुड़िया स्थित आवास पर एसआईआर प्रपत्र भरकर मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं से भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना सत्यापन कराने की अपील की। उपासना मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का यह अभियान मतदाता सूची को और अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए, ताकि किसी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए। प्रपत्र भरने के दौरान निर्वाचन कंप्यूटर सहायक ललिन मरांडी ने आवश्यक सहयोग एवं जानकारी उपलब्ध कराई। बूथ संख्या-240 की बीएलओ सलमा निगार ने आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर प्रक्रिया पूरी कराई। मौके पर मोहनलाल टुडू भी मौजूद रहे। उपासना मरांडी ने लोगों से अपील की कि वे समय रहते आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना सत्यापन पूरा कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!