रांची/नई दिल्ली। झारखंड पुलिस ने दिल्ली पुलिस और स्थानीय एनजीओ की मदद से शनिवार सुबह मानव तस्करी के मामले में वांछित एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ चाईबासा में वर्ष 2023 से मानव तस्करी के कई मामले दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट भी जारी था। चाईबासा पुलिस पहले भी आरोपी की तलाश में दिल्ली पहुंची थी, लेकिन वह हाथ नहीं लगी थी।
इस बार महिला एवं बाल विकास विभाग के एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र, झारखंड भवन, नई दिल्ली के समन्वय में संयुक्त टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों की दो-तीन दिनों तक रेकी की। शनिवार सुबह करीब 6 बजे उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेशी के बाद चाईबासा पुलिस को चार दिन की रिमांड मिली है। कार्रवाई के दौरान एक अन्य मानव तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया। उसके घर से खूंटी जिले की एक नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया। सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र से रेस्क्यू की गई बालिका का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे सुरक्षित गृह में रखा गया है। अब उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश कर आगे के पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने कहा कि मानव तस्करी के खिलाफ सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके गृह जिले में पुनर्वासित करने के साथ उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। दोबारा तस्करी के जाल में न फंसें, इसके लिए उनकी सतत निगरानी भी की जाएगी। पूरी कार्रवाई झारखंड भवन के स्थानिक आयुक्त अरवा राजकमल के निर्देशन में चाईबासा पुलिस, दिल्ली पुलिस, स्थानीय एनजीओ और एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र की संयुक्त टीम ने की।








