पूर्व रेलवे ने दी मंजूरी, फुट ओवर ब्रिज के नीचे स्थल का संयुक्त निरीक्षण; जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य।
पाकुड़। नगर परिषद के वार्ड संख्या-11 की वार्ड पार्षद निभा देवी की पहल आखिरकार सफल हो गई। पाकुड़ रेलवे स्टेशन के मालगोदाम रोड स्थित फुट ओवर ब्रिज के नीचे यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) स्थापित की जाएगी। पूर्व रेलवे, हावड़ा मंडल ने इसकी स्वीकृति दे दी है और संबंधित अधिकारियों ने स्थल का संयुक्त निरीक्षण भी कर लिया है। वार्ड पार्षद निभा देवी ने पिछले माह मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व रेलवे, हावड़ा को पत्र लिखकर मालगोदाम रोड की ओर से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए एटीवीएम लगाने की मांग की थी। मांग पर विचार करते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, पूर्व रेलवे, हावड़ा की ओर से एटीवीएम स्थापना की अनुमति प्रदान की गई।
स्वीकृति मिलने के बाद वार्ड पार्षद निभा देवी की मौजूदगी में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरसंचार) संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ विद्युत अनुभाग अभियंता राजू कुमार तथा वाणिज्य पर्यवेक्षक सिकंदर मंडल ने प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन ने बताया कि मंडल मुख्यालय से स्थल चयन एवं आवश्यक निर्माण कार्य के निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही एटीवीएम स्थापना का कार्य शुरू किया जाएगा।
वार्ड पार्षद निभा देवी ने बताया कि मालगोदाम रोड की ओर से आने वाले यात्रियों को टिकट लेने के लिए स्टेशन के मुख्य भवन तक जाना पड़ता है, जिससे समय और परेशानी दोनों बढ़ते हैं। कई बार समय पर टिकट नहीं मिलने के कारण यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करनी पड़ती है और जांच के दौरान जुर्माना भी भरना पड़ता है। नई मशीन लगने से रेलवे कॉलोनी, सिद्धार्थनगर, ईशाकपुर, मनीरामपुर, रहसपुर, इलामी, हरिगंज नवादा, संग्रामपुर, नवरत्तमपुर, जयकिष्टोपुर, चांचकी-चांदपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। एटीवीएम स्थापना की स्वीकृति मिलने पर दैनिक रेल यात्रियों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। सुशील साहा, मुरारी मंडल, मिथुन यादव, मिथिलेश मंडल, पंकज मिश्रा, मो. अलीम शेख, मोती शेख, अचिंत बनर्जी, बापी यादव, कन्हैया रजक और दीपक प्रमाणिक सहित अन्य लोगों ने वार्ड पार्षद निभा देवी के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस सुविधा से टिकट लेने के लिए लंबी कतारों और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी तथा यात्रियों को समय पर टिकट उपलब्ध हो सकेगा।






