Search

June 18, 2026 12:20 am

बाइक की सीट के नीचे छिपा था ‘भेड़िया सांप’, स्नेक रेस्क्यूअर ने किया सुरक्षित रेस्क्यू।

इकबाल हुसैन

महेशपुर (पाकुड़): बरसात के मौसम में सांपों के निकलने का सिलसिला बढ़ जाता है। इसी बीच महेशपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां स्थानीय निवासी राहुल कुमार की बाइक के अंदर एक सांप छिपा मिला। गाड़ी चालू करने से पहले राहुल कुमार की नजर सांप पर पड़ गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही राहुल कुमार ने क्षेत्र के जाने-माने सर्प मित्र अशरफुल शेख को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अशरफुल शेख ने सावधानीपूर्वक बाइक की जांच कर सांप को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान बाइक को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया गया। अशरफुल शेख ने बताया कि बरामद सांप भेड़िया सांप प्रजाति का था, जिसे अंग्रेजी में कॉमन वुल्फ स्नेक कहा जाता है। यह सांप विषैला नहीं होता और आमतौर पर इंसानों के लिए नुकसानदायक नहीं है। यह छिपकली और छोटे जीवों को अपना भोजन बनाता है। बारिश के मौसम में सुरक्षित जगह की तलाश में यह अक्सर घरों, वाहनों या अन्य स्थानों में छिप जाता है।
सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद राहुल कुमार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। बाद में सांप को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। अशरफुल शेख ने लोगों से अपील की कि बरसात के दिनों में बाइक, कार या अन्य वाहनों को चलाने से पहले एक बार अच्छी तरह जांच जरूर कर लें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!