जिले की सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित, जल संरक्षण से लेकर रोजगार और महिला सशक्तीकरण तक के मुद्दों पर हुई चर्चा।
पाकुड़। जन योजना अभियान सह रिफॉर्म उत्सव के तहत शुक्रवार को पाकुड़ जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। इसमें ग्रामीणों ने गांवों को बाल विवाह और नशामुक्त बनाने के साथ स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। ग्राम सभा में पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों, युवाओं, शिक्षकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठकों में गांव की जरूरतों के अनुसार विकास योजनाएं तैयार करने, रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने तथा महिला सशक्तीकरण पर चर्चा हुई। ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP), पंचायत उन्नति सूचकांक और सतत विकास लक्ष्यों के तहत योजनाओं की प्राथमिकता तय करने पर जोर दिया गया। लखपति दीदी योजना, स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने पर भी विचार किया गया।
वहीं जल संरक्षण, हर घर जल, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और वर्षा जल संचयन को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। तालाबों, कुओं और जलस्रोतों के संरक्षण में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। राशन वितरण, ई-केवाईसी, भूमि अभिलेख, उपभोक्ता अधिकार और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी भी साझा की गई। ग्राम सभा का प्रमुख केंद्र बाल विवाह और नशामुक्ति अभियान रहा। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि गांव में बाल विवाह नहीं होने देंगे और इसकी जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को देंगे। साथ ही बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सहमति बनी। अंत में ग्राम सभा के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित करते हुए विकास योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।


Related Posts

बापू की राह पर चलने का संकल्प, शास्त्री को भी किया नमन: गांधी जयंती पर कांग्रेस-झामुमो ने श्रद्धांजलि दी, भाजपा ने चलाया स्वच्छता अभियान।




