Search

September 21, 2026 6:25 pm

योगेंद्र साव के बयान पर विजय हांसदा का पलटवार, बोले- जनहित के काम में साथ दें, सरकारी कार्य में बाधा नहीं।

MMDR पर विजय हांसदा का केंद्र पर हमला: बोले- झारखंड के खनिज और अधिकार से खिलवाड़ मंजूर नहीं, 1.36 लाख करोड़ के बकाये का भी उठाया मुद्दा।

पाकुड़। राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा सोमवार को पाकुड़ परिसदन पहुंचे। यहां उन्होंने आम लोगों से मुलाकात कर सड़क, बिजली, पानी समेत विभिन्न समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बात कर जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद केंद्र की नीतियों, MMDR संशोधन कानून और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लेकर दिए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी।

खनिज संपदा झारखंड की, अधिकार भी राज्य का होना चाहिए

सांसद विजय हांसदा ने MMDR संशोधन कानून को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड देश के खनिज संसाधनों में बड़ी भूमिका निभाता है। राज्य की जमीन, जंगल और खनिज संसाधनों से जुड़े राजस्व और अधिकारों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राज्यों को खनिजों पर सेस लगाने का अधिकार मिला था, ऐसे में कानून में किए गए बदलाव से राज्यों के अधिकार प्रभावित नहीं होने चाहिए। झारखंड सरकार करीब 1.36 लाख करोड़ रुपये के बकाये का दावा करती रही है। हालिया MMDR संशोधन के बाद इस दावे की कानूनी स्थिति प्रभावित हुई है और राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है।

12 साल के कार्यकाल पर रोजगार-महंगाई का हिसाब मांगा

हांसदा ने केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल पर रोजगार, महंगाई और अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष जब जनता से जुड़े सवाल उठाता है तो मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के बजाय सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी बैलेट पेपर की मांग दोहराई और चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही।

योगेंद्र साव के बयान पर बोले- मंशा पूरी नहीं होती तो दोष दूसरों पर

पूर्व मंत्री योगेंद्र साव की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लेकर दिए गए बयान पर सांसद ने कहा कि जिन लोगों की मंशा पूरी नहीं होती, वे अक्सर उसका दोष दूसरों पर मढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग सही दिशा में और जनहित के लिए जमीन पर उतरकर काम करते हैं, उन्हें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सभी का समर्थन मिलेगा। सांसद ने यह भी कहा कि सरकारी कार्यों में बाधा डालना सही नहीं है। जनहित से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सभी को सहयोग करना चाहिए। योगेंद्र साव के बयान को लेकर झारखंड में राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज है और कांग्रेस की ओर से उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

परिसदन में एक-एक कर सुनी लोगों की समस्याएं

इससे पहले परिसदन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सांसद के सामने अपनी समस्याएं रखीं। किसी ने सड़क, किसी ने बिजली तो किसी ने पानी और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर ध्यान आकृष्ट कराया। सांसद ने कहा कि आम लोगों की समस्याएं सुनना और उन्हें संबंधित विभाग तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास करना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचना चाहिए।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!