इकबाल हुसैन
पाकुड़िया। झामुमो प्रखंड कार्यालय में शनिवार को विश्व आदिवासी दिवस सादगीपूर्ण तरीके से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हु और गुरुजी सहित महापुरुषों की तस्वीर पर माल्यार्पण से हुई। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, प्रखंड सचिव मईनुद्दीन अंसारी, बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला अध्यक्ष देबीलाल हांसदा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा ने आदिवासी समाज को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सभी आदिवासी एकजुट होकर अपने अधिकार और एकता का परिचय दें। उन्होंने बताया कि मूल निवासी समुदायों के अधिकारों और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर साल 9 अगस्त को यह दिवस मनाया जाता है। देबीलाल हांसदा ने कहा कि यह दिवस आदिवासी समाज के पर्यावरण संरक्षण और विश्वहित में दिए गए योगदान को भी मान्यता देता है। कार्यक्रम में महेंद्र टुडू, मंजर आलम, बाबूरली मरांडी, मोईन आलम, मंजूर अंसारी, नरेश हांसदा सहित झामुमो कार्यकर्ता शामिल थे। गौरतलब है कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के कारण इस वर्ष कार्यक्रम बेहद सादगी से आयोजित हुआ। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार आने के बाद 9 अगस्त को राज्य में सरकारी अवकाश घोषित किया गया है।





