राजकुमार भगत
पाकुड़। गुरुवार को दोपहर के पश्चात पेनमकोल लिंक रोड पर सिल्कुटी गांव के निकट सड़क के किनारे बहुत ही जख्मी हालत में एक व्यक्ति पड़ा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार जख्मी हालत में व्यक्ति को लोगों द्वारा सरदार अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल व्यक्ति की पहचान भीम घोष ( 50 ) ग्राम पथरिया, थाना कोटालपोखर, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है। घटना का पता चलते ही परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। भीम घर में कमाने वाला अकेला व्यक्ति था। उन्होंने अपनी दो बच्चियों की शादी कर दी है। जबकि एक पुत्र एवं एक पुत्री अविवाहित है। पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार वालों का आरोप है कि भीम की मौत डंपर चपेट में आने से हुई है। लोग घटना को छुपा रहे हैं। बरबाहाल जो भी हो सहारा छिन जाने से घर में रोजी रोटी की समस्या को लेकर घर वाले काफी चिंतित हैं।










