Search

April 22, 2026 3:20 pm

बड़ा तेलोपाड़ा में गहराया पेयजल संकट, डेढ़ किमी दूर से दूषित पानी लाने को मजबूर ग्रामीण।

राजद जिला अध्यक्ष महावीर मडैया पहुंचे गांव, समाधान के लिए मंत्री व उपायुक्त से पहल का आश्वासन।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़) प्रखंड के बड़ा तेलोपाड़ा गांव में पेयजल संकट अब गंभीर रूप ले चुका है। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों का जीवन कठिन होता जा रहा है। सूचना मिलने पर राष्ट्रीय जनता दल के जिला अध्यक्ष महावीर मडैया गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महावीर मडैया स्वयं करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर उस झरने तक पहुंचे, जहां से ग्रामीण दूषित पानी लाने को मजबूर हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए राज्य के पेयजल मंत्री और नव नियुक्त उपायुक्त से बातचीत कर ठोस पहल की जाएगी।जानकारी के अनुसार, बड़ा तेलोपाड़ा गांव प्रखंड मुख्यालय से लगभग 13 किलोमीटर दूर स्थित है, जिसमें करीब तीन किलोमीटर तक सड़क का अभाव है। गांव में 70 से 80 घर हैं और सभी परिवार पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों को अपनी प्यास बुझाने के लिए डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित झरने पर निर्भर रहना पड़ता है। दूषित पानी के सेवन से लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण हालात और भी चिंताजनक हैं। आपात स्थिति में मरीजों को खटिया के सहारे करीब साढ़े तीन किलोमीटर पैदल ले जाकर एंबुलेंस तक पहुंचाना पड़ता है। भीषण गर्मी में पानी और सड़क—दोनों की समस्या ने ग्रामीणों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के दशकों बाद भी गांव विकास की मुख्यधारा से कटा हुआ है। आदिम जनजाति सांवरिया पहाड़िया समुदाय के लोग अब भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पेयजल और सड़क की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और भयावह हो सकती है। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मनोज मडैया, प्रखंड सचिव लाल मरांडी, ग्रामीण रावते पहाड़िया, प्रभुदास पहाड़िया, बैदा पहाड़िया समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!