सतनाम सिंह
पाकुड़: संथाल परगना के डीआईजी सुदर्शन मंडल बुधवार को पाकुड़ पहुंचे। डीआईजी को पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद डीआईजी सुदर्शन मंडल एसडीपीओ कार्यालय पहुंचे।जहां डीआईजी ने एसडीपीओ कार्यालय में शारदीय नवरात्र व दुर्गा पूजा को शाह कुशल संपन्न कराने व कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारी के साथ समीक्षा बैठक की।इस मौके पर डीआईजी सुदर्शन मंडल ने मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शत प्रतिशत निर्देशों का अनुपालन करने की बात कही.डीआईजी सुदर्शन मंडल ने बताया है कि पाकुड़ में दुर्गापूजा में किसी तरह का विघ्न न हो, इसके लिए स्थलों का चयन कर लिया गया है। सभी जगहों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी। सभी एसपी को भी सतर्कता बरतते हुए शरारती तत्व और वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का निर्देश दिया गया है।उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस सतर्क है और सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किए गए है। प्रमंडल में कुछ संवेदनशील स्थानों का चयन किया गया है। यहां पर अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ दंडाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। आदेश जारी कर दिया गया है। विस्तार से समीक्षा भी हो चुकी है। मुख्यालय से पर्याप्त बल मिला है। पूजा में किसी तरह से शांति व्यवस्था में खलल नहीं आए, इसके लिए पहले से जिन लोगों पर केस दर्ज हैं या जो शरारती तत्व हैं, उनको गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।उन्होंने कहा एसपी से कहा गया है कि यह भी ध्यान रखें कि कहीं गाइडलाइन का उल्लंघन तो नहीं हो रहा है। पूजा समितियां इसका पालन कर रही हैं या नहीं।हर हाल में गाइडलाइन का उल्लंघन नहीं होना चाहिए।







