रिपोर्ट–धीरेन साहा
महेशपुर(पाकुड़):– प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशपुर में शनिवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ. सुनील कुमार किस्कू की अध्यक्षता में मिजील्स रुबेला टीकाकरण अभियान को लेकर समीक्षा बैठक की गई। बैठक में पर्यवेक्षकों (एमपीडबल्यू व सीएचओ) तथा टीकाकर्मी (एएनएम) से विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अबतक किए गए मिजील्स रुबेला टीकाकरण कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशपुर से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार विगत 12 अप्रैल 2023 से प्रारंभ हुए मिजील्स रुबेला टीकाकरण अभियान में प्रखंड क्षेत्र में विद्यालयों में 33 हजार 910 तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 22 हजार 500 कुल 56 हजार 410 बच्चों (9 माह से 15 वर्ष आयुवर्ग) को मिजील्स रुबेला का टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें अबतक 37 हजार 705 बच्चों को मिजील्स रुबेला का टीका देने का कार्य किया जा चुका है। समीक्षा बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ. सुनील कुमार किस्कू के अलावे बीएएम शैलेस कुमार, हेल्थ एजुकेटर नीलम सरिता खाल्को, डबल्यूएचओ माॅनिटर सलीम अख्तर सहित पर्यवेक्षक तथा टीकाकर्मी उपस्थित थे।




