पाकुड़िया प्रखंड ने इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है। गुरुवार को जारी परिणाम में प्रखंड के छह छात्र-छात्राओं ने टॉप-10 सूची में स्थान हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया।उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय, पाकुड़िया की छात्रा आकृति वर्मा ने 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। मोंगलाबांध निवासी आकृति अपनी सफलता का श्रेय ट्यूशन शिक्षक प्रफुल्लों पाल, पिता शेखर वर्मा, माता बबीता वर्मा और बहन पूजा कुमारी को देती हैं। उनका लक्ष्य कॉमर्स की पढ़ाई कर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना है।
राजकीयकृत उच्च विद्यालय, पाकुड़िया के छात्र आशीष राज ने 94.80 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। वे आगे चलकर सिविल सेवा में जाने की इच्छा रखते हैं। इसी विद्यालय के मोहित कुमार पाल ने 94.40 प्रतिशत अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया और इंजीनियर बनने का लक्ष्य रखा है। उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय की छात्रा अप्पी कुमारी ने 94 प्रतिशत अंक के साथ छठा स्थान प्राप्त किया। वे भी इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं। राजकीयकृत उच्च विद्यालय के छात्र सत्यम कुमार भगत और चंदन कुमार पाल ने 93.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से नौवां स्थान हासिल किया। सत्यम राजनीति के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं, जबकि चंदन का सपना इंजीनियर बनना है। इनमें से अधिकांश छात्रों ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा उषा देवी सरस्वती शिशु मंदिर, पाकुड़िया से प्राप्त की है। इस सफलता से पूरे प्रखंड में खुशी और गर्व का माहौल है।












