खून पीता है यह सड़क! हर महीने होता है हादसा… फिर भी नहीं बरत रहे सावधानी
अमर भगत
पाकुड़: पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के पैनम लिंक सड़क के पचुवाड़ा मोड़ पर मंगलवार को सड़क दुर्घटना से हुए मौत मामले में करीब 28 घण्टे के बाद स्थानीय प्रशासन के प्रयास से कोयला का परिवहन शुरू हो सका। मंगलवार को पचुवाड़ा मोड़ के समीप कोल कंपनी के वाहन की चपेट में आने से थाना क्षेत्र के जराकी निवासी साईमन हांसदा (28) गम्भीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के लिए दुमका ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर कोयला परिवहन को बाधित कर दिया था। बुधवार को बरमसिया गाँव के समीप ग्रामीणों से कई दौर के वार्ता और मुआवजा राशि तय होने के बाद कोयला परिवहन शुरू हुआ। बीडीओ श्रीमान मराण्डी और पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कोल प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच समन्वय स्थापित कर वार्ता कर मामले को सुलझाया। ग्रामीण 25 लाख रुपये मुआवजा की मांग पर अड़े थे लेकिन आपसी सहमति 7 लाख 20 हजार में अन्ततः बनी।





