राजकुमार भगत
पाकुड़। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देशानुसार मतदाता सूचना पर्ची का वितरण जिले भर में एक-एक मतदाता तक वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।20 नवंबर तक मतदाता सूचना पर्ची वितरण कार्य को पूर्ण करने का लक्ष्य जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित किया गया है। उन्होने कहा कि इस कार्य में कोई लापरवाही नहीं बरती जाए, बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाता सूचना पर्ची उपलब्ध करायेंगे। आगामी 20 नवंबर को मतदान के लिए सभी को प्रेरित करें। जिले में 1014 मतदान केन्द्रों से जुड़े बूथ लेवल ऑफिसर मतदाता सूचना पर्ची के साथ रंगीन वोटर कार्ड भी मतदाताओं को उपलब्ध करा रहे हैं। जिसमें चित्रों के माध्यम से मतदाता ईवीएम से कैसे अपना मतदान करें तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दी जा रही सुविधा जैसे सक्षम-ईसीआई एप, वोटर हेल्पलाइन ऐप, अपने अभ्यर्थी को जाने (नो योर कैन्डिडेट) ऐप तथा सी-विजिल ऐप की जानकारी दी गयी है। इसके साथ ही पंजीकरण, मतदान, दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को घर से मतदान तथा डाक मतपत्र की सुविधा के बारे में भी बताया गया है। मतदाता सूचना पर्ची के पीछे के भाग पर पोलिंग स्टेशन का नक्शा तथा बीएलओ का नाम, बीएलओ का कॉन्टेक्ट नम्बर, मतदान करने के लिए आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेज का विवरण तथा अन्य महत्वपूर्ण निर्देश आदि उल्लिखित है । मतदाता सूचना पर्ची प्राप्त नहीं होने पर मतदाता 1950 हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।





