Search

October 5, 2026 7:13 pm

पाकुड़: समाजवादी पार्टी प्रत्याशी अकिल अख्तर का शक्ति प्रदर्शन, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

सतनाम सिंह

पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अकिल अख्तर ने शहर में भव्य रोड शो आयोजित कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। गांधी चौक से शुरू हुए इस रोड शो में भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। मोटरसाइकिल रैली और जनसैलाब के साथ यह रैली अंबेडकर चौक, इंदिरा चौक होते हुए पियादापुर तक पहुंची। पूरे रास्ते कार्यकर्ताओं ने “सीधा एक नारा, एक नाम अकिल अख्तर” का नारा लगाते हुए समाजवादी पार्टी के साइकिल छाप चुनाव चिन्ह को वोट देने की अपील की। अकिल अख्तर ने अपने संबोधन में कहा कि उनका लक्ष्य पाकुड़ के समग्र विकास पर केंद्रित है। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि वे उनके सपनों को साकार करेंगे। उन्होंने कहा, “पूर्व में लोगों को सिर्फ झूठे वादे और उम्मीदें दी गईं, लेकिन अब हम बदलाव लाएंगे। बीड़ी अस्पताल को फिर से चालू करेंगे और शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी, वृद्धा पेंशन और राशन जैसी सुविधाओं को जनता तक पहुंचाएंगे।” अकिल अख्तर ने जनता से भावुक अपील करते हुए कहा, “एक लोहार की कीमत सौ सोनार से ज्यादा होती है। हमें एक मौका दें, हम आपके विश्वास पर खरा उतरेंगे।” उन्होंने लोगों से समाजवादी पार्टी के साइकिल चिन्ह पर वोट देकर उन्हें विजयी बनाने का आह्वान किया। इस रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने समाजवादी पार्टी के प्रति जनता के झुकाव को स्पष्ट किया। समर्थकों का जोश और कार्यकर्ताओं की एकजुटता ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया। अकिल अख्तर ने अपने रोड शो के माध्यम से यह संदेश दिया कि समाजवादी पार्टी पाकुड़ विधानसभा में बदलाव लाने के लिए तैयार है। अब यह देखना होगा कि जनता का यह समर्थन चुनाव के नतीजों में कितना बदलता है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!