पाकुड़। शिक्षा के साथ आत्मविश्वास निर्माण और कानूनी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पी०एम० श्री विद्यालयों के 1001 बच्चों ने आज पाकुड़ नगर थाना का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने पुलिसिंग की बारीकियों को जाना, कानूनी प्रक्रियाओं की समझ विकसित की और पुलिस अधिकारियों से खुलकर बातचीत की। चार टीमों— ग्रीन टीम, रेड टीम, ब्लू टीम और येलो टीम के साथ पी०एम०यू० सदस्य बारी-बारी से थाना पहुँचे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें थाना के सीरिस्ता, ऑफिस, हाजत, किचेन, मालखाना, मीटिंग हॉल, बैरक, कम्प्यूटर कक्ष आदि दिखाए और उनकी कार्यप्रणाली समझाई। बच्चों ने थाना छत पर लगे सोलर सिस्टम, तड़ित चालक और संतरी पोस्ट के महत्त्व को भी जाना। थाना भ्रमण के दौरान पुलिस द्वारा 112 या 100 डायल करने की प्रक्रिया और आपातकालीन सेवाओं के उपयोग पर जानकारी दी गई। इसके अलावा POCSO एक्ट-2012 के निर्माण, उसकी आवश्यकता और प्रभाव के बारे में विस्तार से बताया गया। बच्चों को एफआईआर और सन्हा में अंतर समझाते हुए पुलिस कार्रवाई की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। मॉडल थाना की अवधारणा पर भी जानकारी दी गई, जिससे बच्चों को समझ आया कि एक थाना किस तरह कार्य करता है और इसका समाज पर क्या प्रभाव पड़ता है। थाना भ्रमण के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास झलक रहा था। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बेझिझक बातचीत की और पुलिस सेवा में भर्ती होने की उत्सुकता भी जाहिर की। इस पहल से बच्चों में वर्दी के प्रति दोस्ती का भाव विकसित हुआ और वे अपनी समस्याओं को बिना झिझक पुलिस तक पहुँचाने के लिए प्रेरित हुए। यह थाना भ्रमण न केवल उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा, बल्कि उनके मन से पुलिस को लेकर बनी भ्रांतियों को भी दूर करने में सफल रहा।





