पाकुड़। धर्म और सत्य की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत को याद करते हुए भारतीय जनता पार्टी, पाकुड़ की ओर से गुरुवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन मौजूद रहे। इससे पहले पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कार्यकर्ताओं के साथ गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिबजादों को श्रद्धांजलि अर्पित की। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि हर वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाया जाता है। यह दिवस सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह के छोटे साहिबजादों—साहिबजादा जोरावर सिंह (9 वर्ष) और साहिबजादा फतेह सिंह (7 वर्ष)—की अद्वितीय वीरता और बलिदान की स्मृति में समर्पित है। उन्होंने कहा कि 1705 में सरहिंद में मुगल शासक वजीर खान के अत्याचारों के सामने दोनों साहिबजादे धर्म और सत्य से डिगे नहीं और दीवार में जिंदा चुनवा दिए गए। उनका साहस और बलिदान भारतीय इतिहास में अमिट उदाहरण है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में वीर बाल दिवस की शुरुआत की, ताकि बच्चों और युवाओं को साहस, नैतिकता, आत्मबल और राष्ट्रप्रेम जैसे मूल्यों से प्रेरणा मिल सके। आज देशभर में शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक मंचों पर यह दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाता है।
जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 9 जनवरी 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य साहिबजादों की शहादत को स्मरण कर आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से प्रेरित करना है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत ने किया। संगोष्ठी में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्रहित प्रसाद साह और मीरा प्रवीण सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, बृजमोहन चौबे, शर्मिला रजक, विश्वनाथ भगत, मंडल अध्यक्ष सुशांत घोष, सोहन मंडल, त्रिलोचन दास, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






