पाकुड़/ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, पाकुड़ में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर उत्सव मनाया और पार्टी के गौरवशाली इतिहास को याद किया। समारोह की शुरुआत जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार द्वारा विधिवत ध्वजारोहण के साथ हुई। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अब्दुल हक़ और मैनुअल हक़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष ने वरिष्ठ कांग्रेसजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक मजबूत विचारधारा है। देश की आज़ादी की लड़ाई में कांग्रेस ने ऐतिहासिक भूमिका निभाई और स्वतंत्रता के बाद लोकतंत्र को सशक्त करते हुए आधुनिक भारत के निर्माण में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनसेवा, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्राथमिकता दी है। इस अवसर पर प्रदेश सचिव सेमिनुल इस्लाम, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, पाकुड़ प्रखंड पर्यवेक्षक अशोक दास, जिला कोषाध्यक्ष असद हुसैन, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद डोकानिया, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शाहीन परवेज, ओबीसी जिला अध्यक्ष आमिर हमजा, किसान पासवान, रामविलास महतो, देबू विश्वास, जिला सचिव सेलिम हुसैन, शहनाज बेगम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन की एकता को और मजबूत करने तथा जनसेवा के संकल्प को दोहराया।








