नया साल पाकुड़ के लिए विकास और खुशहाली लेकर आएगा” — ज़ुली खृष्टमनी हेम्ब्रम
पाकुड़: नववर्ष के अवसर पर ज़िला परिषद अध्यक्ष ज़ुली खृष्टमनी हेम्ब्रम ने पाकुड़ ज़िले की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाइयाँ दी हैं। अपने नववर्ष संदेश में उन्होंने कहा कि नया साल क्षेत्र की जनता के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा हर परिवार तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़े।
ज़ुली खृष्टमनी हेम्ब्रम ने कहा कि पाकुड़ की जनता ने हमेशा विकास और सौहार्द की राजनीति को समर्थन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्ष 2026 में ज़िला विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और गांव से लेकर शहर तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि ज़िला परिषद जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए लगातार प्रयासरत है।नववर्ष संदेश में उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और समाज के कमजोर वर्गों के हित में कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंच रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में राज्य सरकार के कार्य सराहनीय हैं।
ज़ुली खृष्टमनी हेम्ब्रम ने कहा कि सरकार की योजनाओं को ज़मीनी स्तर पर लागू करने में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और इस दिशा में ज़िला परिषद पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील की कि वे विकास कार्यों में सहयोग करें और सामाजिक एकता बनाए रखें।
अंत में ज़िला परिषद अध्यक्ष ने एक बार फिर पाकुड़ ज़िले की समस्त जनता को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया साल सभी के लिए नई उम्मीदें, नए अवसर और नई उपलब्धियां लेकर आए—यही कामना है।






