Search

February 21, 2026 9:32 pm

तरहसी थाना क्षेत्र के परसावां धौनी स्टेडियम में क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन।

हम सभी खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।

खेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का प्रतीक – लवली गुप्ता

संजय कुमार गुप्ता
पांकी/ पलामू

पांकी पूर्वी क्षेत्र की पूर्व जिला पार्षद, भाजपा नेत्री सह भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय में स्वतंत्र निदेशक लवली गुप्ता ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का एक अभिन्न अंग है। खेल हमें शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और सामाजिक रूप से अनुशासित बनाता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं के लिए खेल का महत्व और भी बढ़ गया है, क्योंकि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है।

श्रीमती गुप्ता तरहसी थाना क्षेत्र के परसावां स्थित धौनी स्टेडियम में गांधी युवा क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित होकर खिलाड़ियों, आयोजकों एवं दर्शकों को संबोधित कर रही थीं। यह क्रिकेट टूर्नामेंट 21 दिसंबर से प्रारंभ होकर 4 जनवरी को रोमांचक और भव्य फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न हुआ। टूर्नामेंट में क्षेत्र की कई टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

अपने संबोधन में लवली गुप्ता ने कहा कि खेल हमारे जीवन में अद्वितीय स्थान रखता है। इससे न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है। खेल हमें हार-जीत को समान भाव से स्वीकार करना सिखाता है और कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल को खेल की भावना से खेलें। खेल में प्रतिस्पर्धा आवश्यक है, लेकिन प्रतिस्पर्धा कभी भी आपसी वैमनस्य या द्वेष का कारण नहीं बननी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और उनकी प्रतिभा को मंच मिलता है। ऐसे आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं और युवाओं को नशा, अपराध व कुरीतियों से दूर रखने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने गांधी युवा क्रिकेट क्लब के सदस्यों और आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में भी जिस प्रकार से यह सफल आयोजन किया गया, वह प्रशंसनीय है।

ग्रामीण क्षेत्रों से भी अब निकल रहें हैं प्रतिभावान खिलाड़ी – रामप्रकाश मेहता

विधायक की अनुपस्थिति में समापन समारोह में उपस्थित उनके प्रतिनिधि राम प्रकाश मेहता ने कहा की खेल से न केवल शारीरिक,मानसिक विकास होता है बल्कि नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है।उन्होने कहा की सरकार और जनप्रतिनिधियों को सदैव ऐसे आयोजनों में खड़ा रहना चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्र के भी प्रतिभावान खिलाड़ी राज्य और देश का नाम रौशन कर सकें। उन्होंने विजेता और ऊप विजेता टीम को बधाई देते हुए आयोजन समिति के प्रयासों की भी सराहना की।
समापन समारोह में फाइनल मुकाबले के विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए गए। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन मंजीत मेहता ने अपने अनोखे अंदाज में किया।समारोह में नीलाम्बर पीताम्बरपुर के भाजपा मण्डल अध्यक्ष प्रकाश मेहता, विधायक प्रतिनिधि सुनील कुशवाहा,हरिनन्दन मेहता, अनुज मेहता, मनोज मेहता सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग, खेल प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। पूरे आयोजन के दौरान खेल के प्रति युवाओं का उत्साह और जोश देखने लायक रहा।गांधी युवा क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष राम प्रकाश मेहता, सचिव संदीप मेहता एवं कोषाध्यक्ष कौशल मेहता के संयुक्त नेतृत्व में टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबले में स्टार क्रिकेट क्लब मंझौली -2 की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ख़िताब पर कब्ज़ा जमाया जबकि मनातू टीम को कड़े मुकाबले के बाद उपविजेता से संतोष करना पड़ा। शानदार प्रदर्शन के लिए अजहर को “मैन ऑफ़ द मैच “के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में आये अतिथियों का आयोजन समिति के लोगों द्वारा फूल- माला और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों के प्रति आभार प्रकट किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर