Search

February 14, 2026 4:22 am

पृथ्वीनगर पंचायत को मिली नई एंबुलेंस, मुखिया पति सलीम हुसैन ने पिता के सम्मान में किया समर्पित

रात-बिरात इलाज में होगी राहत, गरीब व जरूरतमंदों को मिलेगा मुफ्त लाभ

पाकुड़ मुफस्सिल क्षेत्र, पृथ्वीनगर पंचायत के ग्रामीणों को मुखिया पति सलीम हुसैन ने एम्बुलेंस का तोहफा दिया है। पंचायत में अब आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए नई एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध हो गई है। मुखिया पति सलीम हुसैन ने अपने पिता अब्दुल हक के सम्मान में पंचायतवासियों को पूरी तरह सुसज्जित एंबुलेंस समर्पित की। मुखिया पति सलीम हुसैन ने बताया कि गांव में अक्सर रात-बिरात किसी के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस के लिए इधर-उधर फोन करना पड़ता था। समय पर वाहन नहीं मिलने से मरीज की जान खतरे में पड़ जाती थी। इसी समस्या को देखते हुए पंचायत के लोगों के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि यह एंबुलेंस पंचायत के गरीब, असहाय, गर्भवती महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के लिए मुफ्त सेवा के रूप में उपलब्ध रहेगी। एंबुलेंस सभी जरूरी संसाधनों से लैस है, ताकि मरीजों को सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाया जा सके। एंबुलेंस सेवा की शुरुआत पर पंचायत में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने मुखिया और मुखिया पति सलीम हुसैन का आभार जताया। मौके पर कांग्रेस जिला सचिव मों. सेलिम हुसैन ने कहा कि यह पहल समाजसेवा की मिसाल है और इससे जरूरतमंदों को समय पर इलाज मिल सकेगा। ग्रामीणों का कहना है कि अब गंभीर स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने में देरी नहीं होगी और यह सेवा कई जिंदगियां बचाने में मददगार साबित होगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर