इकबाल हुसैन
महेशपुर/पाकुड़। गदरपाड़ा स्थित एचएमएम मॉडल एकेडमी में वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास साफ झलकता रहा। सैकड़ों अभिभावकों की उपस्थिति में विद्यालय परिसर उत्सव स्थल में तब्दील हो गया। कार्यक्रम में केंद्रीय समिति सदस्य पिंकू शेख़ मुख्य अतिथि के रूप में तथा झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष गब्रियल मुर्मू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके साथ जिला सचिव राजकुमार भगत, पूर्व प्राचार्य मोहम्मद कुतुबुद्दीन, महबूब आलम, कलबुद्दीन शेख, पार्थो चटर्जी, जाई चटर्जी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक बबीरुल शेख, शिक्षक नंद कुमार माल, मिनारूल शेख, शकीना बेगम, विद्यालय की निदेशक जूलिया रखसाना सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथि पिंकू शेख़ ने कहा कि वर्तमान समय में निजी विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अनुशासन और निष्ठा के साथ पढ़ाई कर रहे बच्चों को निरंतर सहयोग की आवश्यकता है, ताकि वे आगे बढ़कर समाज और देश का नाम रोशन कर सकें। वहीं, विशेष अतिथि गब्रियल मुर्मू ने कहा कि एक छोटे गांव में निजी विद्यालय का सफल संचालन ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। यह दर्शाता है कि अभिभावक अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य देना चाहते हैं। कार्यक्रम के दौरान खेलकूद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। एकला चलो रे संगीत प्रस्तुति और मम्मी-डैडी, मोबाइल विषयक एकांकी ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया।


Related Posts

वायरल फोटो पर सियासी घमासान, अजहर इस्लाम ने कहा— सवाल पत्रकारों के नहीं, विरोधियों की घबराहट का नतीजा।





