‘पलाश’ ब्रांड के तहत बाजार में उतारी जा रही 100 प्रतिशत इको-फ्रेंडली गुलाल, सखी मंडल की दीदियों को मिलेगा सीधा लाभ
पाकुड़। होली को लेकर इस बार पाकुड़ का बाजार खास नजर आ रहा है। सखी मंडल की दीदियों के हाथों तैयार हर्बल गुलाल से बाजार गुलजार होने लगा है। यह गुलाल झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) और चास हाट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के सहयोग से तैयार किया जा रहा है, जिसे ‘पलाश’ ब्रांड के तहत बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष होली को ध्यान में रखते हुए करीब 5 से 10 क्विंटल हर्बल गुलाल तैयार किया जा रहा है। इसकी बिक्री से होने वाली आय सखी मंडल की दीदियों के बीच बांटी जाएगी, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी। यह गुलाल पूरी तरह इको-फ्रेंडली है और त्वचा के लिए सुरक्षित बताया जा रहा है। हर्बल गुलाल प्राकृतिक सामग्री से बनाया जा रहा है। हरे रंग के लिए पालक, गुलाबी रंग के लिए चुकंदर, पीले और नारंगी रंग के लिए पलाश और हल्दी, जबकि नीले रंग के लिए सिंद्धार सहित अन्य फूलों और पत्तियों का उपयोग किया जा रहा है। गुलाल को आकर्षक और सुगंधित बनाने के लिए प्राकृतिक एसेंस भी मिलाया गया है। ‘पलाश’ ब्रांड के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को बाजार तक पहुंचाया जा रहा है। इससे महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और उनकी आमदनी में भी बढ़ोतरी हो रही है। होली से पहले दीदियों को प्रशिक्षण देकर गुलाल बनाने का कार्य शुरू कराया गया है। हर्बल गुलाल की बिक्री के लिए शहर के हाटपाड़ा और गांधी चौक में दो स्टॉल लगाए जाएंगे। बाजार में इस हर्बल गुलाल की मांग अच्छी बताई जा रही है।







