Search

June 19, 2026 6:26 pm

आईसीटी चैंपियनशिप में चमके पाकुड़ के छात्र, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 के तहत मेडल, प्रमाण पत्र, स्कूल बैग और स्मार्ट वॉच देकर बढ़ाया उत्साह

पाकुड़। झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 के तहत आयोजित आईसीटी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और संबंधित विद्यालयों के आईसीटी समन्वयकों को शनिवार को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आईसीटी चैंपियनशिप प्रतियोगिता चरणबद्ध तरीके से विद्यालय, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित की गई थी। विद्यालय स्तर पर यह प्रतियोगिता 23 से 27 सितंबर 2025 तक आयोजित हुई, जिसमें जिले के कुल 8,582 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके बाद प्रखंड स्तर पर 06 से 08 नवंबर 2025 के बीच 498 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं जिला स्तर पर 18 से 19 नवंबर 2025 को आयोजित प्रतियोगिता में 48 चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 8 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
शनिवार को आयोजित सम्मान समारोह में इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपर समाहर्ता एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा मेडल, प्रमाण पत्र, स्कूल बैग और स्मार्ट वॉच प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने कहा कि वर्तमान दौर में डिजिटल शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं और उनमें नवाचार, रचनात्मकता तथा डिजिटल कौशल को विकसित करने में मदद करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ आगे बढ़ते हुए देश और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।।कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी रवि प्रकाश, शुभम बरणवाल, आईसीटी प्रभारी मुकेश कुमार, जिला समन्वयक सुदीप कुमार, अमित शर्मा, उमेश पांडे, जयप्रकाश, अंकित और एनामुल सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!