अमड़ापाड़ा/पाकुड़ – थाना क्षेत्र से एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़के और 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। लड़के के पिता ने इस संबंध में थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने कांड संख्या 12/26 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बीते 12 मार्च की सुबह करीब 8 बजे नाबालिग लड़का लाल शर्ट और काली जीन्स पहनकर घर से निकला था। लेकिन वापस नहीं आया। बताया जा रहा है कि उसे आखिरी बार पोंडबाद और पाडेरकोला के रास्ते में देखा गया था। वहीं, उसी दिन थाना क्षेत्र की ही कक्षा 8वीं की एक छात्रा भी स्कूल जाने के नाम पर घर से निकली और गायब हो गई। आधार कार्ड के अनुसार छात्रा की आयु मात्र 13 वर्ष है।
सोशल मीडिया पर चैट वायरल: ‘पत्नी के साथ ट्रेन में हूँ’।
इस बीच सूत्रों के हवाले से एक बड़ी जानकारी सामने आई है। लापता लड़के ने अपने एक रिश्तेदार के साथ व्हाट्सएप पर चैटिंग के दौरान यह दावा किया है कि वह ट्रेन में अपनी ‘पत्नी’ के साथ है। इस चैटिंग के बाद क्षेत्र में यह चर्चा तेज है कि दोनों नाबालिगों ने भागकर शादी कर ली है। हालांकि, लड़के का मोबाइल फिलहाल बंद आ रहा है, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी हो रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दोनों नाबालिगों की तलाश में जुट गई है।






