Search

March 16, 2026 10:27 pm

केकेएम छात्रावास में उल्लास के साथ मना बाहा पर्व, प्रकृति संरक्षण और भाईचारे का दिया संदेश

जाहेर थान में पारंपरिक पूजा-अर्चना, मांदर की थाप पर झूमे छात्र-छात्राएं और समाज के लोग।

राजकुमार भगत

पाकुड़। शहर के केकेएम कॉलेज स्थित आदिवासी कल्याण बालक छात्रावास परिसर में सोमवार को आदिवासी समाज का पारंपरिक बाहा पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्रावास परिसर उत्सव के रंग में सराबोर दिखा। बड़ी संख्या में आदिवासी छात्र-छात्राओं के साथ समाज के गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मसीह मरांडी ने उपस्थित लोगों को बाहा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बाहा पर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व लोगों को प्रकृति के संरक्षण, आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान से हुई। नायकी छोटू मरांडी, कुडाम नायकी राजेन मरांडी और गुडीत बड़का मुर्मू ने जाहेर थान में पूजा-अर्चना की। इसके बाद सखुआ फूल की विशेष पूजा की गई। पर्व की परंपरा के अनुसार उपस्थित अतिथियों, महिलाओं और पुरुषों के बीच सखुआ के पुष्प वितरित किए गए, जिसे शुभता और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक माना जाता है। उत्सव के दौरान लोगों ने एक-दूसरे पर पानी छिड़क कर बाहा पर्व की खुशियां साझा कीं। वहीं आदिवासी छात्र-छात्राओं और अन्य क्षेत्रों से पहुंचे समाज के लोगों ने मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य कर माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। देर तक गीत, नृत्य और पारंपरिक उल्लास का दौर चलता रहा। पर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष अंशु टुडू ने बताया कि बाहा पर्व फागुन माह के दूसरे सप्ताह में मनाया जाता है। यह पर्व प्रकृति में नवजीवन के आगमन का प्रतीक है। पेड़ों पर नए पत्ते आने और सखुआ फूल खिलने के साथ संथाल समुदाय इस पर्व की शुरुआत करता है। उन्होंने कहा कि बाहा पर्व आदिवासी संस्कृति, प्रकृति पूजा और सामुदायिक एकजुटता का महत्वपूर्ण उत्सव है।
मौके पर सीबू टुडू, कमल मुर्मू, नवीन हांसदा, नवीन सोरेन, जैसन सोरेन, सबीना मुर्मू, रेनू मरांडी, पूनम हेंब्रम, अजय हेंब्रम, रोजत मरांडी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

img 20260316 wa00344641175861007930801
img 20260316 wa00337225075642441785145

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर