हक के लिए,जरूरत पड़ी तो सिस्टम से भी लड़ूंगा— अजहर
पाकुड़: पाकुड़ सदर प्रखंड के इलामी पंचायत में एक बुजुर्ग महिला की दयनीय स्थिति देखकर समाजसेवी अजहर इस्लाम भावुक हो गए। उन्होंने मौके पर ही अपने निजी खर्च से महिला का पक्का घर बनवाने का वादा किया।बताया जाता है कि इलामी पंचायत दौरे के दौरान अजहर इस्लाम एक बुजुर्ग महिला के घर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि महिला चारों तरफ कपड़े से ढंककर, चटाई बिछाकर और टाली को किसी तरह टिकाकर बेहद जर्जर हालत में रहने को मजबूर है। यह दृश्य देखकर वह भावुक हो गए और कहा कि किसी भी इंसान को ऐसी परिस्थिति में जीवन नहीं बिताना चाहिए।अजहर इस्लाम ने तत्काल अपने स्तर से बुजुर्ग महिला को आर्थिक सहयोग दिया और एक महीने का राशन भी उपलब्ध कराया, ताकि रमजान और ईद का समय सम्मान के साथ गुजर सके। उन्होंने कहा कि ईद के बाद हर संभव प्रयास कर महिला के लिए एक पक्का और रहने योग्य घर बनवाया जाएगा।इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और उन नेताओं पर भी सवाल उठाया, जो वर्षों तक सत्ता में रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और झारखंड सरकार की आवास योजनाओं का लाभ ऐसे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए। यदि योजनाओं का सही क्रियान्वयन होता, तो आज इस बुजुर्ग महिला को इस तरह की परिस्थितियों में जीवन नहीं बिताना पड़ता।अजहर इस्लाम ने कहा कि उनका राजनीति में आने का उद्देश्य सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि गरीबों का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और जनता की सेवा ही उनकी राजनीति का असली धर्म है।








