पाकुड़। मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत जिले के दो स्वयं सहायता समूहों को ट्रैक्टर सौंपे गए। समाहरणालय परिसर में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। इस दौरान आईटीडीए के परियोजना निदेशक अरुण कुमार एक्का, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद और भूमि संरक्षण पदाधिकारी सुचित एक्का मौजूद रहे। योजना के तहत रोमाना स्वयं सहायता समूह (भवानीपुर) और शांति लता स्वयं सहायता समूह (पाकुड़िया) को ट्रैक्टर मिला है। लाभुक किसानों ने कहा कि अब खेती का काम तेज होगा और उत्पादन भी बढ़ेगा। इससे गांव में रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे।
80% तक अनुदान का लाभ
योजना में ट्रैक्टर पर 50% और अन्य कृषि यंत्रों पर 80% तक अनुदान दिया जा रहा है, जिससे किसानों को आधुनिक उपकरण आसानी से मिल रहे हैं। किसानों की आय बढ़ाना लक्ष्य
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सरकार का फोकस किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक बनाने पर है। आधुनिक उपकरणों से खेती आसान होगी, उत्पादन बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि संसाधनों का बेहतर उपयोग करें और दूसरे किसानों को भी नई तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित करें।






