Search

May 4, 2026 5:53 pm

डीसी-एसपी ने पर्वों पर शांति और सुरक्षा के लिए दिए सख्त निर्देश।

पाकुड़, आगामी ईद, रामनवमी, सरहुल और चैती दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सुरक्षा, व्यवस्था और निगरानी को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में संवेदनशील स्थलों, जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की विशेष निगरानी पर जोर दिया गया। सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने साफ कहा कि पर्व आपसी भाईचारे का प्रतीक हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने और भ्रामक खबरों का तुरंत खंडन करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। सभी थाना प्रभारियों को गश्ती बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और जुलूसों को तय मार्ग पर ही संचालित कराने के निर्देश दिए गए हैं। तेज ध्वनि और भड़काऊ गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!