Search

March 19, 2026 9:54 pm

सड़क सुरक्षा पर सख्त जिला प्रशासन, “नो हेलमेट-नो फ्यूल” लागू करने का निर्देश।

डीसी मनीष कुमार की अध्यक्षता में बैठक, तेज वाहन जांच, ओवरलोडिंग व अनफिट वाहनों पर कार्रवाई के आदेश

पाकुड़: सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में नियमों के कड़ाई से पालन और व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि अधिकांश दुर्घटनाएं तेज रफ्तार, नियमों की अनदेखी और जागरूकता की कमी से हो रही हैं। इसे रोकने के लिए “नो हेलमेट, नो राइड” और “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान को सख्ती से लागू किया जाएगा। सभी पेट्रोल पंपों को इसका पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही दोपहिया चालकों और सहचालकों दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य किया गया है।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिले के किसी भी शोरूम से बिना रजिस्ट्रेशन और नंबर प्लेट के वाहन सड़क पर नहीं उतारे जाएंगे। सभी वाहनों में आगे-पीछे नंबर प्लेट अनिवार्य होगी।

दुर्घटनाओं में आई कमी, जागरूकता का असर।

समीक्षा में सामने आया कि जनवरी से मार्च 2025 के बीच 24 सड़क दुर्घटनाओं में 26 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2026 की इसी अवधि में 16 दुर्घटनाओं में 13 मौतें हुई हैं। प्रशासन ने इसे बढ़ती जागरूकता और सख्ती का परिणाम बताया।

वाहन जांच और चालान में तेजी

अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक 1989 वाहनों पर 99 लाख से अधिक का चालान किया गया, जिसमें 80 लाख से ज्यादा की वसूली हो चुकी है। हाल के दो महीनों में 250 वाहनों पर 11 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया गया। लंबित चालानों की वसूली तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय।

अंधे मोड़ और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टिव टेप, साइनेज, कॉन्वेक्स मिरर और स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने और स्कूल वाहनों की नियमित जांच भी सुनिश्चित की जाएगी।

अनफिट व ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई।

अनफिट वाहनों के संचालन पर रोक लगाने और ओवरलोडिंग, अवैध मॉडिफिकेशन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। खासकर कोयला ढुलाई में लगे वाहनों की नियमित जांच पर जोर दिया गया।

‘गुड सेमेरिटन’ को मिलेगा सम्मान

दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले लोगों को चिन्हित कर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए थाना, अस्पताल और प्रखंड स्तर पर समन्वय बनाने को कहा गया है।

पुलिस की सख्ती भी बढ़ेगी

एसपी निधि द्विवेदी ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग जैसे उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा में जागरूकता और सख्ती दोनों जरूरी हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर