पाकुड़। आगामी ईद,रामनवमी और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पाकुड़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। गुरुवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दयानंद आजाद के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान मालपहाड़ी, मुफ्फसिल और नगर थाना क्षेत्र में संयुक्त रूप से पुलिस बल ने मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च नगर थाना से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और बाजारों से गुजरते हुए आगे बढ़ा। इसमें एसडीपीओ दयानंद आजाद के साथ प्रशिक्षु डीएसपी अजय आर्यन, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल और जिला बल के जवान शामिल रहे। मार्च का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास जगाना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील भी की। एसडीपीओ दयानंद आजाद ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और लोगों को निर्भय होकर पर्व मनाना चाहिए।
अफवाहों से सतर्क रहने की अपील।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है। प्रशासन ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।








