तारापीठ दर्शन के बाद पाकुड़ पहुंचे पूर्व सीएम, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत; संगठन में हल्की खींचतान भी आई नजर
पाकुड़: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को अपने निजी दौरे पर पाकुड़ पहुंचे, जहां भाजपा जिला इकाई द्वारा परिसदन में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता देकर अभिनंदन किया।जानकारी के अनुसार, दास पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तारापीठ मंदिर में मां तारा के दर्शन के बाद सीधे सड़क मार्ग से पाकुड़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बंगाल भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनाव और राज्य की राजनीतिक स्थिति पर मंथन भी किया।
स्वागत कार्यक्रम में मिसफिका हसन, दुर्गा मारंडी, हिसाब राय, शर्मिला रजक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि, कुछ वरिष्ठ नेताओं और पूर्व जिला अध्यक्ष की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही, जिससे संगठन में हल्की खींचतान की झलक भी देखने को मिली।मीडिया से बातचीत में रघुवर दास ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस बार राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और जनता बदलाव चाहती है।उन्होंने राज्य में अवैध घुसपैठ को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार का विशेष पुनरीक्षण अभियान इस दिशा में अहम कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर विपक्ष एकजुट होकर विरोध कर रहा है, लेकिन अदालत और केंद्र के रुख के बाद उन्हें पीछे हटना पड़ा।मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे हताश नजर आ रही हैं और भाजपा पर लगातार बयानबाजी कर रही हैं।अंत में उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा, “इस बार बंगाल में कमल खिलेगा”, और राज्य में सशक्त नेतृत्व के साथ बदलाव निश्चित है।





