Search

March 21, 2026 10:18 pm

सड़क हादसे के बाद दर्ज प्राथमिकी से दहशत, न्याय की आस में रघुवर दास के दर पहुंचे ग्रामीण।

निर्दोषों को फंसाने का आरोप, रात में छापेमारी से सहमे लोग, पूर्व मुख्यमंत्री ने दिलाया कार्रवाई का भरोसा।

पाकुड़: जनवरी माह में शहर के गांधी चौक के समीप हुए सड़क हादसे में तलवादंगा निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम, आगजनी और तोड़फोड़ करते हुए डीपीएस स्कूल के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस मामले में प्रशासन की ओर से कार्रवाई करते हुए सदर अंचल के अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया द्वारा नगर थाना में कई नामजद सहित सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। इसी सिलसिले में रविवार को पीड़ित ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री सह पूर्व उड़ीसा राज्यपाल रघुवर दास से मिलने परिसदन पहुंचे।
ग्रामीणों की ओर से जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सम्पा साह और अन्य भाजपा नेताओं ने पूरा मामला विस्तार से रखा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्राथमिकी में कई निर्दोष लोगों को भी शामिल कर लिया गया है, जो केवल घटना के समय मौके पर मौजूद थे। उनका कहना है कि अधिकतर आरोपित गरीब परिवारों से हैं और उनके पास कोर्ट-कचहरी करने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस रात में मनमाने ढंग से छापेमारी कर रही है और घरों में जबरन प्रवेश कर रही है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इस पर रघुवर दास ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले में उचित पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज है, वे न्यायालय से बेल लेकर कानूनी प्रक्रिया का पालन करें। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्दोष लोगों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

img 20260321 wa00567873957000343912525
img 20260321 wa00573789217459266534935

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर