Search

March 28, 2026 6:27 pm

भव्य अखाड़ा जुलूस से गूंजा जय श्रीराम, कटप्पा टीम की झांकी ने मोहा मन।

राहुल दास

हिरणपुर (पाकुड़): रामनवमी के पावन अवसर पर शनिवार को हिरणपुर में भव्य अखाड़ा जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हल्की बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह चरम पर रहा और पूरा नगर “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा। बजरंगबली पूजा कमिटी के तत्वावधान में सरकारी मवेशी हाट परिसर स्थित पूजा मंडप से जुलूस की शुरुआत हुई। जुलूस में शामिल अधिकांश लोग भगवा वस्त्र धारण किए हुए थे और हाथों में महावीरी झंडा व राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे थे। कई युवाओं ने तलवार के साथ पारंपरिक करतब भी दिखाए। इस दौरान उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से आई कटप्पा टीम ने अपनी आकर्षक झांकियों से सबका मन मोह लिया। कलाकारों ने श्रीराम-जानकी और शिव-पार्वती का रूप धारण कर गीत-संगीत के साथ शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे। जुलूस में आदिवासी संस्कृति की भी झलक देखने को मिली। पारंपरिक नृत्य और बंगाल से आए ढाक-ढोल की मधुर धुनों ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। साथ ही लाठी खेल की रोमांचक प्रस्तुतियों ने लोगों को खूब आकर्षित किया।
नगर परिक्रमा के दौरान जुलूस सुभाष चौक से रानीपुर पेट्रोल पंप होते हुए पूरे क्षेत्र में भ्रमण किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। अंचलाधिकारी मनोज कुमार, थाना प्रभारी विनय कुमार सहित पुलिस बल जुलूस के साथ मौजूद रहे। बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई थी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर तैनात रही। वहीं विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला। जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजन समिति के पिंटू भगत, बापी यादव, विकास रविदास, लक्ष्मी देवी, तपन ठाकुर सहित कई लोग उपस्थित रहे।

img 20260328 wa00948211945115647751646
img 20260328 wa00935936178428978456319

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर