जिले में संचालित वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की प्रगति के आकलन हेतु दो दिवसीय राज्य स्तरीय टीम द्वारा व्यापक क्षेत्रीय भ्रमण किया गया। इस दौरान जिला स्तरीय टीम का नेतृत्व जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ अमित कुमार द्वारा किया गया। भ्रमण दल में डब्लूएचओ राज्य समन्वयक डॉ अभिषेक पॉल, डब्लूएचओ जोनल कोऑर्डिनेटर डॉ हसीब, राज्य परामर्शदाता बिनय, जयंत देव सिंह सहित अन्य राज्य स्तरीय सलाहकार, जिला एवं प्रखंड स्तर के स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहे।
टीम ने विभिन्न प्रखंडों का किया निरीक्षण
टीम द्वारा सदर प्रखंड, हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा एवं अमड़ापाड़ा प्रखंडों का भ्रमण करते हुए विभिन्न गांवों में संचालित गतिविधियों का निरीक्षण किया गया।
फील्ड कार्यों का किया गया मूल्यांकन
निरीक्षण के दौरान इनडोर रेसिडुअल स्प्रे, सर्विलांस, केस फॉलोअप एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। टीम ने पाया कि जिले में फील्ड स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक है तथा स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
टीम ने की सराहना
राज्य स्तरीय टीम ने संतोष व्यक्त करते हुए जिला एवं प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य टीम के प्रयासों की सराहना की।
कुछ बिंदुओं पर सुधार के निर्देश
कालाजार उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत लिट्टीपाड़ा प्रखंड में दस्तावेज़ सत्यापन के दौरान कुछ कमियाँ पाई गईं। टीम द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अभिलेखों को शीघ्र अद्यतन एवं सुव्यवस्थित किया जाए, ताकि कार्यक्रम की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। टीम द्वारा कार्यक्रमों को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक सुझाव भी दिए गए, जिससे भविष्य में वेक्टर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।







