Search

April 10, 2026 11:21 pm

24 घंटे में खुला पत्नी हत्याकांड का मामला, भागने की फिराक में था आरोपी,पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। थाना क्षेत्र के गांडूपरता में हुई पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी विवेक कुमार की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते महज 24 घंटे के भीतर आरोपी पति बेसगा पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए पाकुड़ जेल रवाना कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए राज्य छोड़कर दिल्ली भागने की योजना बना रहा था। वह बस या ट्रेन पकड़ने के लिए सुरक्षित ठिकाने की तलाश में था। इसी बीच पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने चितलोफर्म के पास घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस की मुस्तैदी के कारण उसे भागने का कोई मौका नहीं मिला। गिरफ्तारी के बाद कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है, ताकि मृतका को न्याय दिलाया जा सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!