प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। जनसेवा और विकास की दिशा में शनिवार को विधायक हेमलाल मुर्मू ने दो महत्वपूर्ण पहल कर क्षेत्रवासियों का भरोसा मजबूत किया। एक ओर उन्होंने सांवलापुर गांव में स्वयं सहायता समूह (SHG) प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन कर ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का मंच दिया, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री राहत कोष से गंभीर रूप से बीमार चार लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया।
सांवलापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक ने फीता काटकर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र महिलाओं के लिए रोजगार का नया रास्ता खोलेगा। यहां सिलाई, कढ़ाई, हस्तशिल्प जैसे कौशल सिखाए जाएंगे, जिससे महिलाएं अपनी आय बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं शामिल रहीं। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है और इस तरह की पहलें गांव-गांव में बदलाव ला रही हैं।
इसी क्रम में लिट्टीपाड़ा स्थित विधायक आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से चार गंभीर रूप से बीमार लोगों—सबरूदीन अंसारी, अब्दुल अजीज, मेहरन बीबी और नुरेशा बीबी—को 40-40 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने लाभुकों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और राशि का उपयोग बेहतर इलाज में करने की सलाह दी। विधायक ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसी भी जरूरतमंद का इलाज पैसों की कमी के कारण न रुके। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष प्रसाद हांसदा, उपाध्यक्ष रंजन साहा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे।







