प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। प्लस टू उच्च विद्यालय लिट्टीपाड़ा परिसर में सोमवार को ‘बैक टू स्कूल’ अभियान के तहत एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार, बीपीओ आतिश भट्टाचार्य एवं मुखिया शिव टुडू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रखंड के सभी शिक्षण संस्थानों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना और नामांकन दर में सुधार लाना रहा। इस दौरान बीडीओ संजय कुमार ने बताया कि 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष नामांकन पखवाड़ा चलाया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों एवं शिक्षा कर्मियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों का कक्षा 1 में अनिवार्य नामांकन सुनिश्चित करने, तथा कक्षा 1 से 11 तक के विद्यार्थियों का अगली कक्षा में नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही स्कूल छोड़ चुके बच्चों (ड्रॉपआउट) को दोबारा शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष पहल करने की बात कही। शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया। कार्यशाला में प्रखंड के सभी बीआरपी, सीआरपी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।






