संजय कुमार
पांकी / पलामू :
पिपराटांड थाना क्षेत्र के ग्राम सीरम में नव निर्मित शिव शक्ति मंदिर एवं संकट मोचन हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे इलाके में भक्ति की बयार बह रही है। तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियाँ अब अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं।इस समारोह में दूर-दराज से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समाजसेवी कमलेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 अप्रैल से भव्य कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। सुबह 6 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके बाद वेदी निर्माण, झंडा स्थापना और जलाधिवास जैसे महत्वपूर्ण अनुष्ठान संपन्न होंगे। 30 अप्रैल को वेदी पूजन, अन्नाधिवास, फलाधिवास और घृताधिवास आयोजित होंगे। वहीं शाम 5 बजे से नगर भ्रमण और साज्जा अधिवास का कार्यक्रम होगा, जबकि रात 8 बजे से भजन-कीर्तन के माध्यम से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा और लोग भक्ति के सागर में गोता लगाएंगे। 1 मई को मुख्य कार्यक्रम के तहत प्राण प्रतिष्ठा, सुंदरकांड पाठ, हवन, प्रसाद वितरण और विशाल भंडारा के साथ अनुष्ठान का समापन होगा। इस पूरे धार्मिक आयोजन का संचालन आचार्य केदार पाण्डेय एवं बनारस से आए विद्वान पंडितों के सान्निध्य में किया जाएगा।

समाजसेवा और धर्म का अद्भुत संगम बनेगा सीरम
इस मंदिर निर्माण की सबसे खास बात यह है कि इसे समाजसेवी कमलेश सिंह ने अपने निजी खर्च से बनवाया है। उन्होंने कहा की धर्म केवल पूजा – पाठ का विषय मात्र नहीं है बल्कि यह हिन्दू समाज को जोड़ने और संस्कार देने का सशक्त माध्यम है।जब मेरे गाँव की माताओं, बहनों को पूजा के लिए गाँव में शिव मंदिर, हनुमान मंदिर नहीं था।मेरे मन में यह संकल्प जगा, भाव जगा कि अपने गाँव में ही एक भव्य मंदिर बने जहाँ हर ग्रामवासी सहज भाव से भगवान की आराधना कर सके, पूजा अर्चना कर सके।श्री सिंह नें कहा की सेवा वही सच्ची है, जिसमें किसी के जीवन में सुविधा और श्रद्धा दोनों का संगम हो।यह मंदिर सिर्फ ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि गाँव की आस्था, एकता और संस्कृति का केंद्र बनेगा।श्री सिंह नें कहा की जब समाज धार्मिक और नैतिक रूप से मजबूत होता है तभी वह हर चुनौती का सामना कर सकता है।कमलेश सिंह के इस प्रयास, गाँव के प्रति त्याग और समर्पण को गाँव के लोगों नें काफ़ी सराहा और उनकी प्रशंसा की । गाँव में बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक में इस आयोजन को लेकर काफ़ी उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था का केंद्र बनेगा और गाँव की पहचान को नई ऊँचाई देगा।

भक्ति में डूबेगा पूरा क्षेत्र – कमलेश
कमलेश सिंह नें कहा की तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और भंडारा के माध्यम से पूरा क्षेत्र भक्ति मय हो जायेगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में इस अनुष्ठान में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।





