पाकुड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्युत अभियंत्रण विभाग की ओर से शनिवार को “बेसिक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एवं वायरिंग कनेक्शन” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पाकुड़ पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों के साथ विभिन्न आईटीआई संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। कार्यशाला के मुख्य अतिथि कार्यपालक अभियंता शैलेन्द्र कुमार थे। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्या डॉ. सुषमा यादव के मार्गदर्शन और विभागाध्यक्ष आशीष कुमार के नेतृत्व में किया गया। तकनीकी एवं प्रायोगिक सत्रों का संचालन प्रीति कुमारी और प्रणव कुमार डे ने किया।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को विद्युत धारा, वोल्टेज, प्रतिरोध, शक्ति, विद्युत परिपथ, सुरक्षा मानकों, ट्रांसफॉर्मर, डीसी मोटर, इंडक्शन मोटर तथा विद्युत उत्पादन, संचरण एवं वितरण की मूलभूत जानकारी दी गई। साथ ही रेसिस्टर, कैपेसिटर, डायोड, एलईडी और ट्रांजिस्टर जैसे इलेक्ट्रॉनिक अवयवों की कार्यप्रणाली भी समझाई गई। प्रायोगिक सत्र में सीरीज और पैरेलल सर्किट, घरेलू वायरिंग, स्विच-सॉकेट कनेक्शन, मोटर कनेक्शन, कंट्रोल पैनल वायरिंग तथा मल्टीमीटर के उपयोग का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं प्रयोग कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में संवादात्मक चर्चा और मिनी प्रोजेक्ट गतिविधि आयोजित की गई। विभागाध्यक्ष आशीष कुमार ने मुख्य अतिथि, प्राचार्या, संकाय सदस्यों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान और कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।








