Search

June 1, 2026 4:55 pm

सोना-चांदी चमकाने के नाम पर ठगी करने वाले बिहार के दो शातिर दबोचे गए, महिला के गहने बरामद।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला गिरोह का राज, पहले भी इसी तरीके से महिलाओं को बना चुके थे निशाना।

पाकुड़/महेशपुर। सोना-चांदी के गहने चमकाने का झांसा देकर महिलाओं को ठगने वाले अंतरजिला गिरोह के दो शातिर सदस्यों को महेशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और गांव-गांव घूमकर खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर लोगों का भरोसा जीतते थे। पुलिस ने इनके पास से ठगी कर ले जाए गए गहने, मोबाइल फोन, केमिकल, सफाई सामग्री और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 31 मई को महेशपुर थाना क्षेत्र के लखीपुर गांव के पश्चिम पाड़ा में दो संदिग्ध युवकों के सोना-चांदी साफ करने के नाम पर घूमने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक, महेशपुर प्रभाग के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पता चला कि लखीपुर निवासी संजेनारा बीबी से दोनों युवकों ने ठगी की है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दोनों युवक मोटरसाइकिल से उसके घर पहुंचे और पहले एक स्टील के बर्तन को साफ कर अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसके बाद विश्वास में लेकर उन्होंने महिला की सोने की नथ और चांदी की अंगूठी मांगी। गहनों को सफेद पाउडर में लपेटकर प्लास्टिक में रख दिया और आधे घंटे बाद खोलने की बात कहकर वहां से निकल गए। जब महिला ने प्लास्टिक खोला तो उसके गहने गायब थे। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने लखीपुर में छापेमारी कर बिहार के भागलपुर निवासी 25 वर्षीय सुभाष कुमार और खगड़िया निवासी 32 वर्षीय सुमित कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से महिला की सोने की नथ और चांदी की अंगूठी बरामद हुई।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों ने इससे पहले महेशपुर थाना क्षेत्र के डांगापाड़ा गांव में भी फिरोजा बीबी नामक महिला को इसी तरह झांसा देकर सोने के आभूषण ठग लिए थे। उस मामले में भी महेशपुर थाना में अप्रैल महीने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से सफाई के नाम पर इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न केमिकल, पाउडर, ब्रश, पैकिंग सामग्री, दो मोबाइल फोन, बैग तथा घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में घूम-घूमकर महिलाओं को निशाना बनाते थे और सोना-चांदी चमकाने के बहाने ठगी एवं चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!