Search

June 2, 2026 9:38 pm

लेटेस्ट न्यूज़

20 किमी सड़क के लिए हजारों ग्रामीणों का सड़क पर उतरा गुस्सा, 8 घंटे जाम के बाद मिला तीन माह में निर्माण का आश्वासन

पाकुड़िया (पाकुड़)। लागडुम पंचायत के तालवा चौक से खाडू टोला तक जर्जर हो चुकी करीब 20 किलोमीटर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने दूसरी बार चक्का जाम किया। सुबह छह बजे से शुरू हुआ आंदोलन दोपहर दो बजे तक चला। इस दौरान पाकुड़िया–महेशपुर–पाकुड़ पीडब्ल्यूडी मुख्य सड़क पूरी तरह बाधित रही। हजारों की संख्या में जुटे ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर नारेबाजी की और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर ट्रक, बस, कार समेत सैकड़ों वाहन फंस गए। भीषण गर्मी में यात्रियों, व्यापारियों और आम लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। ग्रामीणों ने बताया कि तालवा चौक से खाडू टोला तक की सड़क का निर्माण वर्ष 1982-83 में किया गया था। इसके बाद सड़क का न तो पुनर्निर्माण हुआ और न ही समुचित मरम्मत। वर्तमान में सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन कठिन हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष सड़क निर्माण की मांग उठाई जा रही है, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसी कारण उन्हें दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। चक्का जाम की सूचना पर एसडीपीओ विजय कुमार, एसडीओ अवधेश कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर मदन कुमार शर्मा, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता वीर राघवन, जेई उज्ज्वल कुमार तथा पाकुड़िया, महेशपुर और रद्दीपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ लंबी वार्ता की। वार्ता के दौरान कार्यपालक अभियंता वीर राघवन ने बताया कि सड़क को ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने लिखित रूप से आश्वासन दिया कि अगले तीन महीने के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
वहीं एसडीपीओ विजय कुमार ने तत्काल सड़क के गड्ढों में डस्ट भरवाकर आवागमन सुगम बनाने का भरोसा दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने दोपहर दो बजे जाम समाप्त कर दिया और सड़क पर यातायात सामान्य हो गया।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि तीन महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो तीसरी बार अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा।

img 20260602 wa00115198512048142616894
img 20260602 wa00121361993392076213389

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!